- अवैध बालू खनन कर दो ट्राली से लेकर जा रहे थे खनन माफिया,गांव वालों ने घेराबंदी कर पकड़ा
- सूचना पर आई पुलिस ने दोनों ट्राली को कब्जे में लेने के बाद एक आरोपी को लेकर चली गई साथ
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर कारखाना। स्थानीय थाना क्षेत्र के सहोदरपट्टी गांव के पास बालू खनन का खेल काफी दिनों से चल रहा है। शनिवार को भोर में अवैध तरीके से बालू खनन को दो ट्राली से लेकर जा रहे दो खनन माफियाओं को गांव वालों ने घेराबंदी कर दबोच लिया। सूचना पर आई पुलिस ने दोनों खनन माफिया को हिरासत में ले लिया और दोनों ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेकर थाने जाने लगे। इसी बीच एक खनन माफिया पुलिस को धक्का देकर मौके से भाग निकला। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वॉयरल हो रहा है, इस वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है। पुलिस ने फरार खनन माफिया को पकड़ने के लिए पूरे दिन संभावित ठिकानों पर दबिश दिया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सहोदरपट्टी गांव के पास से गुजरी गंडक नदी में बालू खनन का खेल शाम ढलने से लेकर भोर तक चलता है, गांव वालों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी पुलिस खनन विभाग का मामला बताकर कार्रवाई से कतराती रही, बालू खनन की जानकारी होने पर गांव वालों एकजुट होकर नदी की ओर पहुंचे और दो ट्राली ट्रैक्टर से बालू लेकर जाने के फिराक में खनन माफियाओं को घेर लिया, गांव वालों की भीड़ देख बाकी खनन में शामिल मजदूर नदी के रास्ते भाग गए। गांव वालों की सूचना पर रामपुर कारखाना पुलिस पहुंची और खनन करने वाले दोनों को हिरासत में ले लिया। गांव वालों ने पुलिस पर बालू खनन अवैध तरीके से कराने का आरोप लगाया, इसके बाद पुलिस दोनों आरोपियों को थाने के लिए लेकर चली, इस दौरान एक आरोपी पुलिस को धक्का देकर भागने में सफल हो गया, दूसरे आरोपी को थाने लेकर गई पुलिस पूछताछ कर रही है। वहीं दोनों ट्रैक्टर-ट्राली पर लदे बालू को सीज कर दिया है। पुलिस की लापरवाही से पूरा वीडियो वॉयरल हो रहा है। थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार राय ने बताया कि दो ट्राली मौके से बालू लदी मिली, उसे सीज कर दिया गया है। मौके से भागने वाले आरोपी की तलाश की जा रही है।