रेणुका कांप्लेक्स पर छापा, पूर्व विधायक के दो पुत्रों पर बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज
देवरिया। बिजली निगम के प्रवर्तन दल ने शनिवार को रेणुका कांप्लेक्स पर छापा मारा। टीम को कनेक्शन के स्वीकृत भार से अधिक बिजली का उपभोग मिला। प्रवर्तन दल ने बरहज के पूर्व विधायक स्व. राम प्रसाद जायसवाल के दोनों पुत्रों के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है।
बिजली थाने के विजिलेंस टीम प्रभारी निरीक्षक अजय नरायण सिंह, एसडीओ नवदीप सिंह, एई मीटर प्रत्युष बल्लभ, जेई अमित प्रताप सिंह ने सिविल लाइन रोड स्थित रेणुका कांप्लेक्स पर छापा मारा। जहां पर बरहजवाला प्रतिष्ठान में श्याम सुंदर जायसवाल के नाम से लिया गया कामर्शियल कनेक्श्न 25 किलोवाट के उपयोगकर्ता मुरली मनोहर जायसवाल द्वारा 32 किलोवाट का भार उपयोग करते हुए पाया गया। इतना ही नही मीटर से भी छेड़छाड़ कर बिजली उपयोग की जा रही थी। इस मामले में प्रवर्तन दल के निरीक्षक ने मुरली जायसवाल और श्याम सुंदर जायसवाल के खिलाफ बिजली निरोधक थाने में शाम को तहरीर दी है। थाना प्रभारी ब्रजेश्वर यादव ने बताया कि बिजली चोरी के मामले में रेणुका कांप्लेक्स के श्याम सुंदर और मुरली मनोहर जायसवाल के खिलाफ भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 के धारा 135 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अधीक्षण अभियंता जीसी यादव ने बताया कि छापा विजिलेंस ने डाला था, जहां मीटर से छेड़छाड़ करने की बात सामने आ रही है।