खुखुंदू। थाना क्षेत्र के बासुदेवपुर गांव के एक युवक का सोशल मीडिया पर गाली देते हुए एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक क्षेत्र के मझवलिया गांव के लोगों और थाने पर अभद्र टिप्पणी कर रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
सोमवार को ग्रामीण ने थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपी युवक समेत दो को हिरासत में लिया है। खुखुंदू क्षेत्र के मझवलिया गांव निवासी गोविंद पासवान, आनंद माली, विकास कुशवाहा, प्रद्युम्न कुशवाहा और पन्ने लाल यादव ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे बासुदेवपुर का एक युवक इंस्टाग्राम के जरिए लाइव आकर गांव के लोगों को गालियां देने लगा। इसके अलावा दो और युवक शेरवां बभनौली डुमरिया टोला के भी उसी के साथ मौजूद थे वह भी गालियां देते नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इनमें से एक युवक का जिसका सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। वह एक गैंग भी चलाता है। वह गैंग का सरगना अपने को बताता है। उधर, वीडियो पर गौर करें तो जो युवक अपने को गैंग का सरगना बता रहा है वह शराब पीते हुए खुलेआम थाना पुलिस को भी गालियां दे रहा है।
प्रभारी थानेदार सुरेंद्र मिश्रा ने बताया कि दोनों गांव के युवकों के बीच किसी बात को लेकर मारपीट हुई थी। सोशल मीडिया पर गाली देने वाले युवक और मझवलिया के एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य दो युवकों की भी तलाश जारी है।द