पैकौली। शेयर बाजार में निवेश के नाम पर साइबर ठगी के शिकार सुरौली गांव निवासी शरवेंद्र शेखर शाही को पुलिस ने राहत दी है। सुरौली थाने की साइबर टीम ने ठगी गई 2.10 लाख रुपये की पूरी रकम उनके बैंक खाते में वापस करा दी।
पीड़ित के अनुसार, 15 अक्तूबर को उनके मोबाइल पर एक अनजान शख्स का फोन आया। उसने शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। उसकी बातों में आकर उसने बताए गए बैंक खाते में 2.10 लाख रुपये भेज दिए।
रकम ट्रांसफर होने के बाद जब आरोपी का मोबाइल बंद हो गया तो उन्हें ठगी का संदेह हुआ। उन्होंने 24 अक्तूबर को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने पर साइबर टीम ने ठगी की रकम होल्ड कराने की प्रक्रिया शुरू की। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई। यह कार्रवाई एसपी के निर्देशन में की गई।