बरहज। नगर स्थित एसके इंटर काॅलेज खेल मैदान में इंडियन डायवर्सिटी अंतराज्यस्तरीय फुटबाॅल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है। शनिवार को दूसरा मैच वाराणसी और सीवान के बीच खेला गया। जिसमें वाराणसी ने सीवान को 1-0 से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया।
सर्वप्रथम मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक दीपक मिश्र शाका और विशिष्ट अतिथि पूर्व पालिकाध्यक्ष अजीत जायसवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। खेल के शुरुआती दौर के पहले हाफ में वाराणसी के जर्सी नंबर छह ने आखिरी 10 मिनट में मैदानी गोल दाग टीम को बढ़त दिलाया। दूसरे हाफ में दोनों टीमों के खिलाड़ी गोल करने के लिए एक-दूसरे पर दबाव बनाते रहे लेकिन मैच के आखिरी समय तक वाराणसी की बढ़त कायम रही।
रविवार को देवरिया के रामपुर कारखाना और आजमगढ़ के बीच मैच खेला जाएगा। मैच के रेफरी मकसूद अली, दिलीप मद्धेशिया, रमेश विश्वकर्मा, स्कोरर राकेश मद्धेशिया, बबलू रहे। इस मौके पर डॉ. अजय मिश्र, काजू तिवारी, मैनेजर तिवारी, केशव तिवारी, महेश मद्धेशिया, राजेश, अशोक शुक्ल, संजय मद्धेशिया, विष्णु, दीनानाथ यादव मौजूद रहे।