बघौचघाट (देवरिया)। आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज पथरदेवा के खेल परिसर में आयोजित स्व. जवाहर प्रसाद मद्धेशिया स्मारक फुटबॉल महाकुंभ प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला यूनाइटेड क्लब सिवान और चेन्नई रेलवे के बीच रविवार को खेला जाएगा। शनिवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मैच में सिवान ने आसनसोल रेलवे को 3-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
दूसरे सेमीफाइनल में सिवान की टीम ने शुरू से ही आक्रामक रणनीति अपनाई और मैच पर अपना दबदबा बनाए रखा। पहले हाफ में सिवान के 15 नंबर जर्सी पहने खिलाड़ी तुमा ने पेनल्टी शूट के माध्यम से पहला गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। मध्यांतर के बाद भी सिवान के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। दूसरे हाफ में 18 नंबर जर्सी में खेल रहे राशिद ने एक बेहतरीन गोल कर बढ़त को दोगुना कर दिया। इसके बाद 19 नंबर जर्सी पहने फ्रैंक ने एक और गोल दागकर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।
आसनसोल रेलवे की टीम ने पूरे मैच में वापसी करने की कोशिश की, लेकिन सिवान की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने उनका खाता तक नहीं खुल सका। इस प्रकार यूनाइटेड क्लब सिवान ने 3-0 से शानदार जीत दर्ज करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। जहां उसका सामना रविवार को चेन्नई रेलवे से होगा।
मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. कमरे आलम एवं युवजन सभा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव प्रियांशु राज यादव ने फीता काटकर किया। इसके बाद अतिथियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। मैच में निर्णायक की भूमिका महिपाल थापा, शिवम कन्याल एवं अमित वैद्य ने निभाई। कमेंट्री अंगद नाथ तिवारी एवं मान सिंह ने की। आयोजन समिति के अजय मद्धेशिया ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रमोद मद्धेशिया, असरार अहमद, इरशाद अहमद, मोहम्मद फतेह, विजय मद्धेशिया सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।