संवाद न्यूज़ एजेंसी भाटपार रानी। साधन सहकारी समितियों पर इस समय यूरिया खाद गायब है। खाद के लिए किसान मारे मारे फिर रहे हैं। किसी भी समिति पर यूरिया उपलब्ध नहीं है। इसके लिए किसानों में हाहाकार मचा हुआ है। प्राइवेट खाद की दुकानों पर व्यापारी महंगे दामों पर भेज रहे हैं।
किसान महंगे दामों पर खरीदने के लिए विवश है। भाटपार रानी विकास खंड में कुल 10 साधन सहकारी समितियां हैं। इनमें भाटपाररानी, कोड़रा, पड़री उम्मन, बहियारी बघेल, टीकम पार, खामपार, कुकुर घाटी, भठवा तिवारी, सरया, पकड़ी बाबू समितियां शामिल हैं।
इन समितियों के किसानों का कहना है कि इस समय किसी भी समिति पर यूरिया खाद नहीं है। इस समय खरीफ की धान, मक्का, गन्ना आदि फसलों में उनके समुचित वृद्धि हेतु यूरिया की बहुत जरूरत होती है।
किसान परमहंस प्रजापति, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अशोक यादव, राधेश्याम यादव, विकास तिवारी ,बृजमोहन पटेल, सच्चिदानंद शाही आदि का कहना है कि किसी समिति पर खाद उपलब्ध नहीं है। प्राइवेट दुकानदार 280 प्रतिबोरी के बजाय ब्लैक में 500 से 550 रुपये में बेच रहे हैं।