देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में सरकारी दवा लेना मरीजों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। यहां दवा काउंटर पर लंबी कतार लगने से काफी समय दवा लेने में गुजर जा रहा है। मेडिकल कालेज प्रशासन इसका विकल्प नहीं ढूंढ पा रहा है।
मेडिकल कालेज में इन दिनों मरीजों और उनके परिजनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दवा लेने में लोगों को काफी समय लग रहा है। मेडिकल कालेज के अस्पताल में पहले दवा वितरण के छ: काउंटर संचालित होते थे। करीब एक माह पहले पुराने भवन का एक हिस्सा टूट गया। इससे दो दवा काउंटर बंद कर दिए गए। अब बचे हुए चार काउंटररों पर ही दवा का वितरण किया जा रहा है। इसके चलते इन काउंटरों पर लोड बढ़ गया है।
इससे दवा लेने में लोगों को मशक्कत करनी पड़ रही है। मेडिकल कालेज इलाज कराने आए खुखुंदू के राकेश ने दवा काउंटर पर भीड़ के चलते काफी समय लग गया। सुरौली से आए एक मरीज ने बताया कि बुखार और बदन दर्द के कारण खड़े होने में भी तकलीफ हो रही है, लेकिन दवा के लिए कतार में खड़ा होना मजबूरी हो गयी है।