संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से जिले में तीन दिनों तक चली तेज हवा और बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पककर कटाई के लिए तैयार धान की फसल खेतों में बिछ गई है।
कई जगह खेतों में पानी भरने से बालियां डूब गई हैं। इससे धान के दाने काले पड़ने, अंकुर निकलने और गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। धान के साथ गन्ना, सब्जियों और अन्य फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।
खेतों में जलभराव के कारण आलू, मटर, चना, सरसों और गेहूं की बुवाई की तैयारी भी प्रभावित हो रही है। किसानों ने प्रशासन से सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है। रामपुर कारखाना और तरकुलवा क्षेत्र के सौ से अधिक गांवों में धान और गन्ने की फसल प्रभावित हुई है। बरईपुर लाला, मुंडेरा लाला, हिरंदापुर, सिरसिया नंबर एक, महदेवा, बीवीचक, खांडे छापर, विशुनपुर उर्फ चिरकिहवा, गोविंदपुर, सहबाजपुर, रुस्तमपुर, केसरपुर और करमहा में खेतों में खड़ी फसल गिर गई है। तरकुलवा के कोटवा, कमधेनवा और मथुरा छापर में नेनुआ, लौकी, भिंडी और बैंगन की खेती को भी नुकसान पहुंचा है। तरकुलवा विकास खंड के हरैया, सोहनरिया, नारायणपुर, नरहरपट्टी, सरैनी, बेलही, गुलहरिया, पहाड़पुर, महुआरी, देउरवा, पिपरही, अमवा और मठिया महावल समेत कई गांवों में पककर तैयार धान की फसल जमीन पर गिर गई है।
हरैया के किसान सतीश शर्मा ने बताया कि दो-चार दिन में कटाई होनी थी, लेकिन बारिश ने पूरी मेहनत बर्बाद कर दी। नारायणपुर के हसनैन खान ने बताया कि काटकर खेत में सुखाने के लिए छोड़ी गई फसल पानी में डूब गई। ताल क्षेत्र में जलभराव के कारण अब गेहूं की बुवाई नहीं हो पाने की आशंका है। बरहज क्षेत्र के भलुअनी, करुअना, गड़ेर, कपरवार और पैना में भी धान की फसल गिर गई है। बंकेश्वर मिश्र, ज्ञान सिंह और चिंतामणि साहनी का कहना है कि छह माह की मेहनत एक झटके में खेतों में बिछ गई।
किसानों के मुताबिक कुछ जगह भीगे धान में अंकुर निकलने लगे हैं। बरहज एसडीएम प्रवीण कुमार ने बताया कि लेखपालों को फसल नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। खुखुंदू क्षेत्र में तेलहन और आलू की अगेती बुवाई करने वाले किसानों को दोबारा बुवाई की आशंका सता रही है।
रुद्रपुर के एकौना, रामलक्षन, मदनपुर और पकड़ी बाजार में धान की बालियों से लदी फसल गिर गई है। पड़री बाजार क्षेत्र के पड़री बाजार, कम्हरिया, कोला, दुबौली, बहोरवा में भी नुकसान पहुंचा है।