देवरिया। विकास कार्यों में लापरवाही और जनशिकायतों के निस्तारण में ढिलाई पर डीएम मधुसूदन हुल्गी ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को समीक्षा बैठक में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर गौरी बाजार, भलुअनी और सलेमपुर के बीडीओ का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में लापरवाही पर एडीओ पंचायत, देसही देवरिया और बीडीओ देवरिया को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को आयोजित बैठक में डीएम ने विकास कार्यों, आईजीआरएस, विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित मानकों और समय सीमा के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान अंत्येष्टि स्थल, व्यक्तिगत शौचालय, भूमि की उपलब्धता, पंचायत भवन और स्वच्छता संबंधी कार्यों की प्रगति परखी गई।
डीएम ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा। आईजीआरएस के संबंध में उन्होंने शिकायतों का समय से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने और शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि का ध्यान रखने की हिदायत दी। बैठक में सीडीओ राजेश कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।