सेल्स मैन को पक़ड कर खींचते हमला करने वाले मनबढ़
- फोटो : स्त्रोत- पेट्रोल पंप प्रबंधन
गोरखपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर खरोह चौराहे के समीप स्थित पेट्रोल पंप पर 50 रुपये के फटे नोट को लेकर हुए विवाद में मनबढ़ युवकों ने सेल्समैन को लाठी डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए सीएचसी गौरी बाजार ले जाया गया। इस मामले में सेल्समैन की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध मारपीट समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पूरी घटना सीसी टीवी कैमरे में है।
स्थानीय थाने में दी गई तहरीर में पेट्रोल पंप के सेल्समैन राहुल पाल पुत्र अमरनाथ पाल निवासी ग्राम बदुरहिया थाना चौरी चौरा जनपद गोरखपुर ने आरोप लगाया कि सोमवार की शाम बाइक सवार दो युवक पेट्रोल भरवाने के लिए पंप पर आए। 50 का फटा नोट दिए। दूसरा नोट मांगने पर वे भड़क गए और विवाद करने लगे।
सेल्समैन से नोंक झोंक के बाद वे घर चले गए। कुछ देर बाद गांव के अन्य कुछ साथियों के साथ मनबढ़ युवक लाठी डंडे से लैस होकर पेट्रोल पंप पर पहुंचे। तोड़फोड़ करते हुए पेट्रोल पंप के ऑफिस में घुसकर सेल्समैन को मारपीट कर घायल कर दिया। इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरी बाजार ले जाया गया।