बघौचघाट (देवरिया)। एक तरफ पूरी दुनिया टी-20 वर्ल्ड कप के रोमांच में डूबी है, तो दूसरी ओर देवरिया के एक कस्बे में क्रिकेट का ऐसा ‘देसी वर्ल्ड कप’ खेला गया, जिसने ट्रॉफी की चमक को भी फीका कर दिया।
यहां प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज को चमचमाती ट्रॉफी नहीं, बल्कि हाथों में थमा दिया गया... जिंदा देसी मुर्गा।
जी हां, यह अनोखा नज़ारा देखने को मिला पथरदेवा कस्बे के महुआरी स्थित जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित महुआरी प्रीमियर लीग (एमपीएल) दुक्की क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में। इस अनोखे पुरस्कार वितरण का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती।
16 टीमों के बीच मुकाबला, फाइनल में रोमांच : करीब एक सप्ताह तक चली इस प्रतियोगिता में 16 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला मेजबान पथरदेवा और बेलही (बिहार) के बीच खेला गया। बेलही की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 ओवर में महज 24 रन पर सिमट गई। जवाब में पथरदेवा ने 5.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर खिताब अपने नाम कर लिया। मैदान पर मौजूद दर्शकों ने चौके-छक्कों के साथ जमकर तालियां बजाईं। मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं नगर पंचायत पथरदेवा के पूर्व प्रत्याशी अजय मद्धेशिया रहे। विजेता टीम को 10 हजार रुपये और शील्ड, जबकि उपविजेता टीम को 5 हजार रुपये और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। यहां तक सब कुछ सामान्य क्रिकेट टूर्नामेंट जैसा था... लेकिन असली ‘ट्विस्ट’ तो इसके बाद आया।