उमस भरी गर्मी में टिनशेड के नीचे दवा के लिए खड़े लोग
देवरिया। मेडिकल काॅलेज के दवा काउंटर पर सोमवार को मरीजों और तीमारदारों की लंबी कतार लगी रही। दवा लेने के लिए लोग आधे घंटे से अधिक कतार में खड़े रहे।
मेडिकल काॅलेज में सोमवार को 2576 रोगियों ने ओपीडी में पंजीकरण कराया। बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने से ओपीडी में भारी भीड़ रही। डॉक्टरों ने मरीजों को देखा और आवश्यकतानुसार जांच और दवाएं दीं।
इसके बाद मरीज और साथ आए तीमारदार पुराने जिला अस्पताल के भवन में स्थित दवा काउंटर पर कतार में लग गए। यहां चार काउंटरों पर दवाएं वितरित की जा रही थीं। कुछ मरीज स्वयं तो कुछ के साथ आए तीमारदार दवा के लिए कतार में खड़े हो गए।
कतार लंबी होने से टिन शेड के बाहर पहुंच गए। उमस भरी गर्मी में मरीजों और तीमारदारों को इससे काफी दिक्कत हुई। सास का इलाज कराने आईं सविता ने बताया कि 20 मिनट से लाइन में लगे हैं। दोस्त को दिखाकर दवा लेने आए दीपक ने बताया कि डॉक्टर ने अच्छे से देखा है। ओपीडी में तो ठीक है, पर दवा लेना किसी मुश्किल से कम नहीं है। सीएमएस डॉ. एचके मिश्र ने बताया कि मेडिकल कालेज में आए सभी मरीजों का इलाज चिकित्सकों ने किया है।
चार काउंटरों से मरीजों को दवा दी जा रही है। शेड में पंखे लगे हुए हैं। शीघ्र ही काउंटरों की संख्या बढ़ाई जाएगी।