नीलगाय टकराने से बाइक सवार दो युवकों की मौत
मेहरौनाघाट। बिहार के गुठनी मैरवा मुख्य मार्ग पर करेजी गांव के समीप हादसे में गुठनी से मैरवा जा रहे दो युवकों की मौत हो गई। दुर्घटना का कारण बनी नील गाय की भी मौत हो गई।
गुठनी बाजार निवासी विशाल कुमार (27) और श्रीकलपुर गांव निवासी शिवम तिवारी सोमवार दोपहर लैपटॉप व उसका चार्जर बनवाने मैरवा जा रहे थे। गुठनी मैरवा मुख्य मार्ग पर करेजी गांव के सामने नीलगाय से बाइक टकरा गई। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी गुठनी थाना को दी। मौके पर पहुंचे एएसआई शिवमंगल पासवान ने ग्रामीणों के सहयोग से दोनों युवकों को गुठनी अस्पताल लाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दोनों युवकों के परिजनों के बिलाप से अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सीवान भेज दिया।