चनुकी। रामजानकी मार्ग पर बुधवार को सुतावर मोड़ के समीप वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने 105 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब पिकअप पर लदी हुई थी। पुलिस ने दोनों तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया है।
होली के त्योहार को लेकर लार थाने की पुलिस रामजानकी मार्ग पर सुतावर मोड़ पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी बीच किसी मुखबिर ने सूचना दी कि लार की तरफ से एक पिकअप पर शराब लादकर बिहार ले जाया जा रहा है। पुलिस टीम लार की ओर से आ रही बिहार नंबर की एक पिकअप को रोक कर जांच की तो उसमें शराब के बोतल दिखाई दिए। पुलिस टीम ने गाड़ी सहित तस्करों को थाने लाकर वाहन गहन जांच की तो उसमें 49 पेटी आफिसर च्वाइस 180 मिली लीटर, 49 पेटी 8 पीएम 180 मिली लीटर, तीन पेटी मैकडॉवेल 180 मिली लीटर तथा दो पेटी ओल्डमांक 180 मिली लीटर तथा दो पेटी 375 मिली लीटर ओल्ड मैक पाया गया। शराब के साथ तस्कर प्रदीप कुमार पुत्र रामनाथ गौड़ निवासी बभनी सकरापार थाना खुखुन्दू व नीरज पासवान पुत्र राजेन्द्र पासवान निवासी गोपलापुर थाना कोतवाली देवरिया को हिरासत में ले लिया गया। इस मामले में पुलिस ने दोनों तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर वाहन को सीज कर दिया। गिरफ्तार तस्करों ने बताया कि शराब बिहार ले जाई जा रही थी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने कहा कि पिकअप से 105 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया गया है। पिकअप को सीज कर दिया गया है ।