भटनी(देवरिया)। पशु तस्करों ने शुक्रवार की रात भटनी कस्बे के नूरीगंज बाजार में पुलिस टीम को पिकअप से रौंदने की कोशिश की। इस दौरान बाइक सवार तस्करों ने तमंचे से फायरिंग करने की कोशिश भी की। पुलिस ने पीछा कर वीरसिंहपुर गांव के पास बाइक सवार दो पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया और पिकअप भी रोक ली। पिकअप चालक पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। पकड़े गए दोनों तस्कर व भागा चालक बिहार प्रांत के विजयीपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनमें एक किशोर है। पिकअप पर लदे पांच गोवंश भी मुक्त कराए। पिकअप और बाइक सीज कर दी गई है। तमंचा और कारतूस भी बरामद किया गया है। भटनी पुलिस को शुक्रवार की देर रात मुखबिरों से सूचना मिली कि कुछ पशु तस्कर पिकअप से गोवंश लेकर बिहार जा रहे हैं। सूचना पर एसओ मृत्युंजय राय की निगरानी में दरोगा अजय कुमार तिवारी ने पुलिस टीम के साथ नूरीगंज बाजार के पास घेराबंदी की। इसी दौरान एक पिकअप आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने पिकअप को रोकने का इशारा किया।
पुलिस का कहना है कि पिकअप के आगे चल रहे बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर गोली चलाने के लिए तमंचा निकाल लिया। पिकअप चालक ने भी पुलिस टीम पर वाहन से रौंदने की कोशिश। पुलिस टीम ने खुद को बचाते हुए आरोपियों का पीछा कर वीरसिंहपुर गांव के पास पिकअप और बाइक को रोक लिया।