बनकटा/रामपुर बुजुर्ग। बार्डर पर सुरक्षा व जांच के तमाम उपायों के दावे के बीच जिले की सीमा से सटे बिहार प्रांत के सिवान जिले के मैरवा धाम के पास शनिवार की सुबह लोगों ने पशुओं से भरे दो पिकअप वाहन को पकड़ लिया। पिकअप में ठूंस-ठूंस कर भरे गए पशुओं की हालत देख कर लोग आक्रोशित हो गए और दोनों पिकअप को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं पिकअप के पीछे चल रही कार में सवार आजमगढ़ के एक व्यक्ति को भी पशु तस्करों का साथी समझकर धुन दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी समझा बुझाकर लोगों को शांत कराया। पुलिस तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। आशंका है कि पिकअप लदे पशुओं को देवरिया जिले के रास्ते ही बिहार भेजा गया होगा।
जानकारी के अनुसार, सलेमपुर-मैरवा मार्ग पर बनकटा थाना क्षेत्र से सटे सिवान जिले के मैरवा धाम पर शनिवार की भोर में पीड़िया विसर्जन के कारण काफी भीड़ थी। इस दौरान कुछ युवकों ने दो पिकअप में जा रहे पशुओं को देखा। पशुओं की दयनीय हालत देख लोगाें ने वाहन रोक लिए। लोगों के गुस्से को देखते हुए पिकअप में सवार सभी तस्कर भाग खड़े हुए। भीड़ ने दोनों पिकअप को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान यूपी की नंबर प्लेट लगी की एक कार को देख लोग उसमें सवार लोगों को तस्करों का साथी समझ कर उन्हें ही मारपीट कर घायल कर दिए। घायल कार सवार आजमगढ़ का हामिद अंसारी बताया जा रहा है, जो छपरा जाने की बात कह रहा था। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने मैरवा-सिवान मार्ग को जाम कर दिया और कार्रवाई की मांग करने लगे।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाबुझा कर जाम हटवाया। पुलिस इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
इस संबंध में मैरवा एसओ संजीत कुमार ने बताया कि तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं भाटपाररानी सीओ अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि पशु बिहार में यूपी के किस रास्ते से गई, इसकी जांच कराई जाएगी।
-