बनकटा/रामपुर बुजुर्ग। सलेमपुर-मैरवा मार्ग के बिहार सीमा पर स्थित धरनी छापर चेक पोस्ट पर शुक्रवार की देर रात पुलिस ने एक मिनी ट्रक से 206 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद करने के साथ ही दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार यूपी से बिहार की ओर जा रही एक संदिग्ध गाड़ी की तलाशी ली गई तो उसके अंदर छिपाकर रखी 1769 लीटर शराब मिला। पुलिस ने वाहन और बरामद शराब को कब्जे में लेते हुए उसमें सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब की बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान वैशाली थाना क्षेत्र के गोरुवल गांव निवासी उज्ज्वल कुमार और राजू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
इस संबंध में मैरवा एसओ संजीत कुमार ने बताया कि वाहन से शराब बरामद की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
रामपुर पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों को नहीं लगी भनक
सलेमपुर-मैरवा मार्ग पर स्थित धरनीछापर चेकपोस्ट से करीब सौ मीटर की दूरी पर इसी मार्ग यूपी का रामपुर बुजुर्ग चेकपोस्ट भी स्थित है। इसे रामपुर बुजुर्ग चेकपोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही ही कही जाएगी, क्योंकि उन्हें इस तस्करी की भनक भी नहीं लगी और इतनी बड़ी शराब की खेप बिहार चेकपोस्ट पर पकड़ ली गई। बता दें कि इसके पूर्व भी कई बार धरनीछापर चेकपोस्ट पर शराब की बड़ी खेप पकड़ी जा चुकी है, लेकिन यूपी पुलिस उन खेपों को पकड़ नहीं सकी।
इस संबंध में सीओ अंशुमान श्रीवास्तव ने कहा कि बार्डर पर मुस्तैदी से जांच की जाती है। यदि लापरवाही पाई जाएगी तो संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।