सड़क हादसे में दो युवकों की मौत
देवरिया। देवरिया-कसया मार्ग पर रविवार की रात डुमरी चौराहा और रामपुर कारखाना के बीच अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां एक युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे युवक को हालत गंभीर देख मेडिकल कालेज गोरखुपर रेफर कर दिया। दोनों आपस में रिश्ते में चाचा-भतीजा थे। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही चिकित्सकों ने दूसरे युवक को भी मृत घोषित कर दिया।
सदर कोतवाली के अहीर परसिया निवासी राकेश सिंह (38) पुत्र साहबजादा गांव के रिश्ते में भतीजे सचिन सिंह (18) पुत्र कमलेश सिंह एक बाइक से रविवार की शाम कसया के समीप शादी समारोह में गए थे। वह रात में घर लौट रहे थे। अभी रामपुर कारखाना और डुमरी के बीच पहुंचे थे कि अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया, जिससे दोनों युवक घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां राकेश सिंह को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि सचिन की हालत गंभीर देख मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर गोरखपुर जा रहे थे कि रास्ते में दम तोड़ दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने सचिन को मृत घोषित कर दिया। सदर कोतवाली पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर मौत की खबर मिलने पर दोनों युवकों के परिवार में कोहराम मच गया।