कोरोना योद्धाओं को किया गया सम्मानित
देवरिया। जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम प्रकोष्ठ की ओर से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन रविवार को नगर पालिका कार्यालय परिसर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय सभागार में किया गया। इसमें विभिंन विभागों के करीब 126 कोरोना योद्धाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि कोरोना काल में चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों सहित सभी का योगदान सराहनीय रहा। कोरोना अभी समाप्त नहीं हुआ है। इससे बचाव की जरूरत है। मास्क का प्रयोग करें तथा शारीरिक दूरी के नियम का पालन करने के साथ ही समय-समय पर हाथ धोते रहें। आपस में सामंजस्य बनाकर कार्य करें। जरूरत पड़ने पर हम सभी को मिलकर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मानसिक रोगियों का विशेष ख्याल रखें। घर का माहौल ठीक रखें और मरीजों का ध्यान दें और उनके साथ अच्छा व्यवहार करें। मानसिक दिक्कत आने पर तत्काल चिकित्सक को दिखाए और ठीक तरह से इलाज कराएं।
सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय ने कहा कि वैक्सीन आने तक कोरोना को लेकर सर्तकता बरतने की जरूरत है। कोविड-19 के नियमों का सभी को पालन करने की जरूरत है। कोरोना के समय चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मियों सहित अन्य विभागों के लोगों ने अच्छा कार्य किया। इससे पहले स्वास्थ्य, पुलिस, मीडिया व अन्य विभागों के 126 लोगों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
इस दौरान विधायक डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी, एसीएमओ डॉ. संजय चंद, सीएमएस डॉ. एएम वर्मा, तनुषा टीआर, प्रतीक केजरीवाल, डॉ. काशीनाथ, डॉ. जफर अनीस, डॉ. डीके पांडेय, राधेश्याम शुक्ल, अंबिकेश पांडेय आदि मौजूद रहे।