संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी। खामपार थाना क्षेत्र के भिंगारी बाजार में बुधवार को ड्रग इंस्पेक्टर देवरिया आशुतोष कुमार शुक्ल ने प्रजापति मेडिकल स्टोर एवं प्रजापति मेडिकल हाल को सील कर दिया। इस कार्रवाई से बाजार के अन्य मेडिकल कारोबारियों में हड़कंप मच गया और दुकानें धड़ाधड़ बंद होने लगीं।
जानकारी के अनुसार, करीब दो सप्ताह पहले दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने भिंगारी बाजार स्थित प्रजापति मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर प्रोपराइटर प्रेमशंकर प्रजापति को नकली दवा बेचने और वितरण करने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
आरोप है कि यह गिरोह जानसन एंड जानसन, जीएसके और एल्केम जैसी नामी कंपनियों की नकली दवाओं का निर्माण, बिक्री और सप्लाई करता था। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम मामले की गहन जांच कर रही है।
ड्रग इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार शुक्ल ने बताया कि प्रजापति मेडिकल स्टोर पर नकली दवाओं की बिक्री की शिकायत प्राप्त हुई थी। इसी आधार पर दुकान को सील कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्टॉक और लाइसेंस की जांच प्रेमशंकर प्रजापति के लौटने के बाद की जाएगी।
इसी क्रम में प्रजापति मेडिकल हाल के प्रोपराइटर शिवशंकर प्रजापति की दुकान पर भी निरीक्षण किया गया। जांच के समय उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। इसके चलते दुकान को अस्थायी रूप से सील कर दिया गया।
ड्रग इंस्पेक्टर ने कहा कि शीघ्र ही यहां भी स्टॉक और लाइसेंस की जांच की जाएगी। वहीं, प्रजापति मेडिकल हाल के मालिक शिवशंकर प्रजापति ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी दुकान पर कोई अवैध गतिविधि नहीं चल रही है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य खराब होने के कारण वे जांच में सहयोग नहीं कर पाए।
इसके चलते अधिकारी ने दुकान सील कर दी। उन्होंने भरोसा जताया कि अधिकारियों के आने पर दुकान का पूरा निरीक्षण किया जाएगा और सबकुछ स्पष्ट हो जाएगा।
इस कार्रवाई से भिंगारी बाजार के मेडिकल कारोबारियों में दहशत का माहौल है। अन्य दुकानदार अब अपने स्टॉक और लाइसेंस की जांच-पड़ताल में जुट गए हैं।
उधर, स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद भी काफी देर तक मेडिकल की दुकानें बंद रहीं, इससे दवा खरीदने आए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।