सलेमपुर। कोतवाली क्षेत्र के धनौती राय गांव के पास रविवार की देर रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। कोतवाली क्षेत्र के परसिया तारा गांव निवासी अजित कुमार (25) वर्ष पुत्र रामतपेशर किसी काम से घर से बाहर जा रहे थे। अभी वह धनौती राय गांव के समीप पहुंचे थे इसी बीच सामने से आ रहे बाइक सवार से उनकी बाइक में भिड़ंत हो गई। जिसमें बरहज क्षेत्र के देसही बरवा गांव निवासी सुजीत कुमार (30) वर्ष व अजित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहां मौजूद लोगों के अनुसार दोनों बाइकें तेज गति से आ रही थीं, इसी दौरान धनौती राय गांव के आमने-सामने टकरा गईं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। संवाद