संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। क्षेत्र के कोटवां गांव के निकट रामजानकी मार्ग पर शुक्रवार को ट्रेलर और बाइक की आमने सामने टक्कर हो गई। जिसमें बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। नौ वर्षीय मासूम बाल-बाल बच गया। कोटवां गांव के निकट रामजानकी मार्ग पर दोपहर में ट्रेलर और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा देख आसपास के लोग जुट गए।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस दोनों दोस्त जसबीर पुत्र भुक्खल और अजीत पुत्र सुखलाल को सीएचसी ले आई। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। लोगों के अनुसार जसबीर आपने साथी अजीत के साथ भांजे को लेकर सलेमपुर जा रहा था। हादसे में मामा जसबीर और उसके साथी की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रेलर और बाइक को कब्जे में ले लिया। हादसे में मौत की जानकारी होने पर नवापार और मनिहारी में सन्नाटा पसर गया।
इंस्पेक्टर राहुल सिंह ने बताया कि मौके पर पुलिस गई थी। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।