कोरोना से दो की मौत, 23 लोगों की रिपोर्ट आई पॉजिटिव
देवरिया। जनपद में कोरोना संक्रमण में कमी आ रही है। बृहस्पतिवार को दो लोगों की जहां मौत हो गई वहीं 23 की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जनपद में पाजिटिव मरीजों की कुल संख्या 20025 हो चुकी है, जबकि 19448 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में एक्टिव केस 383 है। होम आइलोसेशन में 254 लोग हैं। जिले में 194 लोगों की मौत हो चुकी है। जिला अस्पताल के एमसीएच विंग स्थित कोविड अस्पताल एल-2 में 37, सीएचसी गौरी बाजार में एक तथा तीन निजी अस्पताल में भर्ती 13 लोगों का इलाज चल रहा है। सीएमओ डा. आलोक पांडेय ने कहा कि जनपद में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए कार्य किए जा रहे हैं। गांवों में जांच तेजी से कराई जा रही है। संक्रमित लोगों की संख्या में कमी आ रही है। मरीजों के इलाज के समुचित इंतजाम किए गए हैं। जिला अस्पताल परिसर स्थित एमसीएच विंग में 37, सीएचसी गौरी बाजार में एक तथा निजी अस्पताल आस्था में दस, सावित्री में दो व स्टार न्यूरो में भर्ती एक मरीज का इलाज चल रहा है, जबकि निजी अस्पताल वेदांक में एक भी मरीज नहीं है। उन्होंने लोगों से वैक्सीन लगवाने की अपील की है।
2732 लोगों ने ली वैक्सीन की डोज
देवरिया। जनपद में बृहस्पतिवार को टीकाकरण कार्य में कुछ तेजी आई। दस केंद्रों पर युवाओं को वैक्सीन की डोज दी गई। वहीं एक केंद्र पर बारह वर्ष से कम उम्र के बच्चों के माता-पिता को टीका लगाया गया। इन केंद्रों पर युवाओं में वैक्सीन को लेकर उत्साह दिखा। उधर अन्य केंद्रों पर भी लोग टीका लगवाने के लिए पहुंचे। वहीं कुछ लोग टीकाकरण को लेकर लापरवाह बने हुए हैं।
जनपद के 72 केंद्रों पर बृहस्पतिवार को कोविड टीकाकरण हुआ। इन केंद्रों पर 1070 युवाओं, 533 बुजुर्गों, 45 वर्ष से ऊपर के 1018 लोगों को वैक्सीन की प्रथम तथा 111 लोगों को द्वितीय डोज दी गई। लक्ष्य 9210 के सापेक्ष 2732 लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई। कुल उपलब्धि 29.66 प्रतिशत रही। एसीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह ने कहा कि जनपद में टीकाकरण का कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव के नियमों का पालन करें। सभी लोग बारी आने पर टीका जरूर लगवाएं।