पैकोली। सुरौली थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी के महज दो दिन बाद ही नवविवाहिता के प्रेम प्रसंग ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। बुधवार को युवती अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ गई।
इससे दोनों परिवारों के बीच रिश्ते खराब हो गए। मामला बढ़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और शांतिभंग में प्रेमी को चलन करना पड़ा। 26 अप्रैल को सुरौली क्षेत्र के एक गांव से बरात रामपुर कारखाना क्षेत्र के एक गांव में गई थी। 27 अप्रैल को विधि-विधान से विवाह संपन्न होने के बाद दुल्हन की विदाई कराकर बरात लौट आई।
बुधवार की सुबह दुल्हन के गांव का एक युवक, जो खुद को उसका प्रेमी बता रहा था, सीधे प्रेमिका के ससुराल पहुंच गया। उसने घर के दरवाजे पर हंगामा शुरू कर दिया और दावा किया कि शादी से एक दिन पहले उसने युवती के साथ सिंदूरदान कर विवाह कर लिया था। परिजनों के बुलावे पर आई पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए युवक और युवती को थाने ले आई। थाने में भी काफी देर तक नाटकीय घटनाक्रम चलता रहा। नवविवाहिता अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद करती रही। पुलिस ने युवती के मायके पक्ष को थाने बुलाया और उसे उनके सुपुर्द कर दिया।
प्रेमी युवक को शांतिभंग और विवाद पैदा करने के आरोप में चालान कर दिया गया। इस घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच रिश्ते खत्म हो गए। पुलिस का कहना है कि खुद को नवविवाहिता का प्रेमी बताने वाले युवक का शांतिभंग में चालान कर दिया गया है।