संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा के पास शराब और सिगरेट पीने से मना करना 25 वर्षीय अरुण कुमार को महंगा पड़ा। वहां शराब और सिगरेट पीने वालों ने शराब की शीशी तोड़ उसी से युवक पर हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने जब उसका छोटा भाई 21 वर्षीय सचिन पहुंचा तो उन लोगों ने धारदार हथियार से वार कर उसे भी जख्मी कर दिया गया। आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल भेजवाया। पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। खुखुंदू पोखरा टोला निवासी अरुण कुमार ने पुलिस कोे तहरीर देकर बताया कि शनिवार की रात करीब 10 बजे टहलते हुए जैन मंदिर रोड स्थित आंबेडकर स्कूल की तरफ गया था। अरुण का आरोप है कि वहां डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा के पास कुछ युवक बैठकर सिगरेट और शराब पी रहे थे।
अरुण ने बताया कि जब उसने वहां लोगों को शराब पीने से मना किया तो उन लोगों ने मोबाइल से फोन कर कुछ और लड़कों को बुला लिया।
एक ने शराब की शीशी तोड़कर उसी से हमला कर दिया, जबकि दूसरे युवक ने धारदार हथियार से हमला किया। पीड़ित के मुताबिक शोर मचाने पर जब उसका छोटा भाई सचिन मौके पर पहुंचा तो हमलावरों ने उसपर भी हमला कर दोनों लोगों को लहूलुहान कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर लौट गई। पीड़ित अरुण ने इलाज कराने के बाद रविवार को थाने पहुंचा और तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है।
थानेदार दिनेश कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिली है। संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। सभी आरोपी घर छोड़कर भाग हैं। उनकी तलाश की जा रही है।