संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सुरौली थाना क्षेत्र के नकडीहा से एक सप्ताह पहले समूह के लोन के रुपये की वसूली कर लौट रहे फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से बाइक सवार दो आरोपियों ने बैग में रखे रकम को लूट लिया था।
इस मामले में पुलिस पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात दो लुटेरों पर केस दर्ज कर विवेचना कर रही थी। इस बीच मुखबिर की सूचना पर सुरौली पुलिस ने सोमवार की देर शाम यदूपरसिया गांव के ईंट भट्ठे के पास से दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनाें ने लूट की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके पास से 43 हजार हजार रुपये नकद, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, बाइक, एक तमंचा और कारतूस बरामद किया है।
एडिशनल एसपी दक्षिणी सुनील कुमार सिंह ने मंगलवार को लूट की वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि मुखबिर की सूचना पर दो संदिग्धोंं को सुरौली थाना क्षेत्र के यदुपरसिया के ईंट भट्ठे के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की तो दोनों ने लूट की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की।
दोनों ने अपना नाम व पतागंगेश यादव व आकाश यादव निवासी गनियारी थाना मदनपुर बताया। दोनों आरोपियों को कोर्ट मेंं पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
बता दें कि शहर के भुजौली कॉलोनी के एक प्राइवेट फाइनेंशियल बैंक के सहायक प्रबंधक आशुतोष पाठक ग्राम गाजर जगदीश थाना बांसगांव गोरखपुर के रहने वाले हैं। वह समूह की महिलाओं को दिए हुए लोन के रकम की वसूली के लिए 9 जून की सुबह कई गांवों में वसूली करने के बाद सुरौली थाना क्षेत्र के नकडीहा से वसूली कर लौट रहे थे।
सिसवा पांडेय और पैकौली गांव के बीच में थाने पर जाने वाले तिराहे मोड़ के पास रुक कर फोन से बात कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से बाइक सवार दो युवक पहुंचे और पीठ पर रखा बैग छीन कर भाग गए। वारदात की सूचना मिलने के बाद मौके पर एडिशनल एसपी सुनील कुमार सिंह, सीओ बरहज अंशुमन श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर जांच की। बैंक कर्मी से तहरीर मिलने के बाद अज्ञात दो लुटेरों पर केस दर्ज कर जांच कर रही थी।