सलेमपुर। एक प्रेमी अपनी प्रेमिका को सैर कराने सोमवार की शाम घर से निकला। देर रात को सलेमपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर बिगही गांव के पास उसे छोड़कर भाग गया। घंटों इंतजार के बाद जब प्रेमी नहीं लौटा तो प्रेमिका ने राहगीरों को रोककर आपबीती सुनाई। युवती की बात सुनकर एक शख्स ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई और उसे लेकर कोतवाली चली आई। पुलिस ने युवती को उसके एक रिश्तेदार को सौंप दिया। जानकारी के मुताबिक, सोमवार को बघौचघाट थाना क्षेत्र का एक युवक गांव की ही प्रेमिका को सैर कराने की बात कहकर बाइक से लेकर सलेमपुर पहुंचा। रेस्टोरेंट में खाना खाने के बाद युवक ने कुछ देर में आने के बात कहकर सलेमपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर बिगही गांव के पास प्रेमिका को बाइक से उतार दिया। करीब दो घंटे तक इंतजार करने के बाद जब वह नहीं लौटा तो युवती ने रोअपनी पीड़ा राहगीरों से बताई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी कोतवाल धर्मेंद्र सिंह महिला कांस्टेबल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी पूछताछ के बाद उसने अपना सही पता नहीं बताया। उसने खुखुंदू क्षेत्र में रह रहीं अपनी बुआ के गांव का पता बताया। इसके बाद पुलिस उसकी बुआ के घर ले जाकर सौंप दिया। प्रभारी कोतवाल ने बताया कि युवती अपना पता सही नहीं बता रही थी। उसकी बुआ के सुपुर्द कर दिया गया है।