देसही देवरिया। हेतिमपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार की देर रात सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। सिर बुरी तरह से कुचल गया था। पेट भी फट गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन - फानन में शव को किसी तरह उठाकर किनारे किया।
पास में मिले मोबाइल के सहारे शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई। बृहस्पतिवार को रिश्तेदारों के साथ पहुंचे बहनोई ने साले के शव की शिनाख्त की।
महुआडीह थानाक्षेत्र के हेतिमपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित छोटी गंडक नदी के पुल पर बुधवार की देर रात छत - विक्षत शव को देखकर लोगों ने स्थानीय हेतिमपुर चौकी पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची। तब तक शव का सिर बुरी तरह कुचल चुका था।
गुजर रहे वाहनों को रोककर पुलिस ने किसी तरह छत-विक्षत शव को उठाकर किनारे किया। पुलिस के अनुसार, शव से थोड़ी दूर पर मृतक का मोबाइल फोन मिला, जो बंद हालत में था। पुलिस शव को लेकर चौकी पर पहुंची। मोबाइल चार्ज कर कुछ डायल नंबरों से बात की तो मृतक का नाम और पता की जानकारी हुई। पुलिस ने मृतक के स्थानीय थाना मीरगंज पुलिस से संपर्क साधकर परिजनों को हादसे की जानकारी दिलवाई। बृहस्पतिवार की सुबह मृतक का बहनोई दुलार चन्द अपने दो अन्य रिश्तेदारों के साथ महुआडीह थाने पर पहुंचा। मोबाइल, कपड़े, कद -काठी से अपने साले की पहचान कर फफक कर रो पड़े। पुलिस ने परिजनों की मदद से शव की पहचान बिहार के जिला गोपालगंज के थाना मीरगंज के रहने वाले मजिस्टर साहनी (45) पुत्र बंगाली साहनी के रूप में की। वह ट्रक चालक था। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम करा कर देर शाम तक शव बहनोई को सौंप दिया गया। एसओ अमित कुमार राय ने ट्रक लेकर गोरखपुर की तरफ जुट लादकर जा रहा था। हेतिमपुर गंडक नदी के पुल पर सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई। संवाद