देवरिया। बैतालपुर नगर का बरपार तिराहा अनाधिकारिक टेंपो स्टैंड के रूप में बदल चुका है। दर्जनों टेंपो चालक अपने वाहनों को सड़क के दोनों किनारों पर बेतरतीब तरीके से खड़ा कर देते हैं।
इससे सड़क पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। सुबह और शाम के व्यस्त समय में तो स्थिति और भी भयावह हो जाती है। राहगीरों, स्कूली बच्चों व दुकानदारों को आवाजाही में भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
जाम के कारण कई बार एंबुलेंस और आपातकालीन वाहन भी फंस जाते हैं।
स्थानीय दुकानदार बेचन गुप्ता, सुधीर चौरसिया, आनंद गुप्ता, मुखलाल चौरसिया आदि का कहना है कि जाम की वजह से ग्राहकों का आना-जाना प्रभावित हो रहा है।
बार-बार जाम की समस्या से व्यापार पर भी बुरा असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कई बार यातायात विभाग और स्थानीय प्रशासन से कार्रवाई की मांग की, मगर अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका।
उनका कहना है कि बरपार तिराहे के अलावा अन्य स्थान पर वैकल्पिक टेंपो स्टैंड की व्यवस्था की जाए और मौके पर नियमित पुलिस गश्त लगाई जाए, ताकि जाम की समस्या से राहत मिल सके।
इस संबंध में बैतालपुर चौकी प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि टेंपो चालकों को कई बार समझाया गया है। यदि वे व्यवस्था का पालन नहीं करते हैं, तो उनके विरुद्ध चालान और वाहन जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।