भटनी। अवध असम एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक यात्री का ट्रॉली बैग चोरी होने के मामले में जीआरपी ने शनिवार को अज्ञात आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार बिहार के कटेया का रहने वाला है और डिब्रूगढ़ से भटनी आ रहा था।
पीड़ित ने नकदी, सोने के आभूषण और कीमती सामान चोरी होने की बात कही है। जानकारी के अनुसार, बिहार के गोपालगंज जनपद के कटेया थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर निवासी संदीप तिवारी ने बताया कि वह 28 जुलाई को माता-पिता, पत्नी और बच्चों के साथ डिब्रूगढ़ से भटनी आ रहे थे।
उनका आरक्षण अवध असम एक्सप्रेस के एस-6 कोच में था। रात में बोगाई गांव स्टेशन के बाद सभी को नींद आ गई। न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचने से पहले बच्चों के रोने पर जब उनकी नींद खुली तो ट्रॉली बैग गायब मिला।
पीड़ित के अनुसार, बैग में कपड़े, सोने की चेन, अंगूठियां, हनुमान जी का लॉकेट, महिलाओं के आभूषण, चार चांदी के बिछुए, आवश्यक दस्तावेज तथा करीब छह हजार रुपये नकद रखे थे।
घटना के बाद उन्होंने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर आरपीएफ टीम ने जानकारी ली और भटनी जीआरपी में प्राथमिकी दर्ज कराने की सलाह दी।
शिकायत में यह भी बताया गया कि अगले दिन एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर बताया कि सालीकाटी स्टेशन के पास उनका बैग बिखरी अवस्था में मिला है। बैग से मिले टीकाकरण संबंधी दस्तावेजों के आधार पर उसने संपर्क किया।
बाद में रेलकर्मी और आरपीएफ की मदद से कपड़े और दस्तावेज सुरक्षित कर कोकराझार आरपीएफ को सौंप दिया है। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार मौर्य ने बताया कि शिकायत मिली है। प्राथमिकी दर्ज कर संबंधित रेलवे स्टेशन के जीआरपी को भेजा जा रहा है।