कोविड का टीका लगवाने गए व्यापारी के घर भरी तीस लाख की चोरी
देवरिया। कोविड का टीका लगवाने गए लोहा व्यापारी के घर का मंगलवार को ताला तोड़कर दिन दहाड़े चोरों नकदी, जेवर सहित तीस लाख रुपये का माल उड़ा लिया। लौटने पर परिजनों ने घर और आलमारी का ताला टूटा देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे सीओ सदर और फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। गृह स्वामी ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
शहर के भुजौली कालोनी निवासी श्रवण मद्घेशिया ने चीनी मिल रोड पर स्क्रैप की दुकान खोल रखी है। मंगलवार को उनकी पत्नी इंदु देवी और बेटा दीपक कुमार कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने करीब दस बजे गौरी बाजार सीएचसी पर गए थे। जबकि श्रवण करीब आठ बजे दुकान पर चले गए थे। सीएचसी पर पहुंचने पर काफी भीड़ देखकर पुत्र ने व्यापारी को फोन पर बताया कि शाम होने पर नंबर आएगा। श्रवण ने घर आकर भोजन करने की बात कही। मां और बेटे वापस मकान पर आए तो देखा कि ताला टूटा हुआ है। कमरे के आलमारी में रखे जेवर और नकदी गायब हैं। उनके होश उड़ गए और पत्नी रोने लगी। मौके पर व्यापारी पहुंचे और घर में रखे सामान की तलाशी ली तो पता चला कि चोरों ने 14 लाख रुपये नकद और सोने के करीब 16 लाख रुपये के गहने चुरा लिया है। उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर सीओ सदर श्रीयश त्रिपाठी, एसएसआई विपिन मलिक और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का का निरीक्षण किया। गृहस्वामी ने बताया कि करीब तीस लाख रुपये की चोरी हुई है। उन्होंने घटना में मुकदमा दर्ज कर खुलासे की गुहार लगाई है।
दिन में चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय
देवरिया। शहर के ताला बंद मकानों में चोरी करने वाले गिरोह अब तक पुलिस की नाक में दम किया था लेकिन अब दिन में ही चोरी की घटना को अंजाम देने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है।
सोमवार को सदर कोतवाली के चकसराय बदलदास गांव के पास स्थित मकान अरविंद कुुमार जायसवाल के घर को चोरों ने निशाना बना लिया। दिन दहाड़े अस्सी हजार नकदी सहित लाखों रुपये के जेवर चुरा ले गए। इसी तरह सोंदा गांव के पास एक सप्ताह पर रत्नेश उपाध्याय पत्नी के इलाज के लिए गोरखपुर गए थे। दिनदहाड़े चोरों ने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये का सामान और नकदी चुरा ली।