मोतीपुर टिकैत गांव में रिटायर्ड दरोगा समेत तीन के घरों से नकदी समेत लाखों की चोरी
भटनी। थाना क्षेत्र के मोतीपुर टिकैत गांव में शनिवार रात चोर सेंध काटकर तीन घरों से नकदी, आभूषण सहित पांच लाख रुपये से अधिक का सामान उठा ले गए। घटना की जानकारी गृह स्वामियों को रविवार सुबह हुई तो मामले की जानकारी पुलिस को दी। घांटी पुलिस चौकी से महज तीन किलोमीटर दूरी पर हुई चोरी की वारदात और पिछले एक सप्ताह से क्षेत्र में लगातार चोरी से लोगों में दहशत है। लोगों ने स्थानीय पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। वही जानकारी पर स्थानीय पुलिस के अलावा एसओजी, डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है।
भटनी थाना क्षेत्र के मोतीपुर टिकैत गांव निवासी रमेश राय रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर है। वे अपनी पत्नी के साथ गॉव पर रहते है। उनके पडोसी सोनू राय और गुड्डू पटेल है। तीनों परिवार शनिवार भोजन के उपरांत सोने चला गया। रात को ही गुड्डू पटेल के मकान का नकब काटकर चोरों ने पांच हजार नकदी समेत लाखों के गहने उड़ा दिया। इसके बाद सोनू राय के मकान का ताला तोड़ चोरों ने 14 हजार नकदी,दो सोने की अंगूठी, दो चेन, तीन पायल समेत लाखों का सामान चुरा लिया। वही रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर रमेश राय के कमरे का दरवाजा तोड़ने का भी प्रयास किया गया। रात में तेज हवा और बारिश के चलते लोगों को घटना की जानकारी नही हो पाई। रविवार सुबह उठने पर गृह स्वामियों मकान की हालत देख सत्र रह गए। उन्होंने इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। बाद में लोगों ने एसपी से इसकी शिकायत कर डाली। इसके बाद एसओजी प्रभारी गोपाल प्रसाद के नेतृत्व में पहुंची टीम ने घटना स्थल का मुआयना किया। वही बाद में डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम ने भी घटना वाली जगहों पर जांच किया। घांटी बाजार क्षेत्र में इसके पहले घांटी बाजार चौराहे पर तीन दुकानों, छपरा गांव और बांसघांटी गांव में चोरी की वारदात हुई है। लगातार चोरी से क्षेत्रवासी सहम और डर गए है। उन्होंने स्थानीय पुलिस पर लापरवाही करने का आरोप लगाया है। एसओ श्यामसुंदर तिवारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरी का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।