मकान में नकब काटकर पांच लाख की चोरी, केस दर्ज
भटनी। भरहेचौरा गांव में एक मकान का नकब काटकर चोरों ने नकदी समेत पांच लाख का समान उड़ा दिया। खुले आलमारी को देख परिवारीजनों ने पड़ताल किया तो चोरी की जानकारी हुई। शिकायत पर स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर मौके से सबूत जुटाने का प्रयास किया। मामले में पुलिस ने अज्ञात पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
भटनी के भरहेचौरा गांव निवासी शहाबुद्दीन अंसारी नगर में सिलाई केंद्र की दुकान चलाते हैं। सोमवार रात वे परिवार सहित भोजन के उपरांत सोने चले गए। सुबह उठने पर घर की महिलाओं ने आलमारी और दरवाजा खुला देखा तो उनके होश उड़ गए। पड़ताल करने पर मकान के पीछे सेंध कटी दिखी। परिवारीजनों ने घर के सामान की जांच की तो 80 हजार नकदी, चांदी का पायल, सोने का झुमका, गले का हार, नथुनी, कंगन, अंगूठी, छल्ला और कीमती कपड़े गायब मिले। शोर करने पर गांव वालों की भीड़ जुट गई। शिकायत पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया तो गांव के बाहर नदी के किनारे एक खेत में कुछ बिखरा समान मिला। सूचना पर एसपी के निर्देश पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने चोरी वाले स्थानों से फिंगरप्रिंट लिया। मंगलवार शाम को तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। इस बाबत क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी पंचमलाल ने बताया कि सेंध काट कर चोरी हुई है। केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही चोरी की घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।