गौरी बाजार। ओमान में मिसाइल हमले में जान गंवाने वाले गौरी बाजार के युवक सूरज यादव का शव रविवार को गांव लाया जाएगा। शनिवार को ओमान की कीलाइन कंपनी ने परिजन को इसकी सूचना दी। शव दिल्ली से गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेगा, जहां से एंबुलेंस से करमा जितपुर गांव ले जाया जाएगा। 12 दिन से बेटे के शव का इंतजार कर रहे माता-पिता और परिजन की अंतिम विदाई की आस अब पूरी होगी।
गौरी बाजार क्षेत्र के करमा जितपुर निवासी सूरज यादव (20) पुत्र ओमप्रकाश यादव रोजगार के लिए 19 अगस्त 2026 को ओमान गया था। वहां कीलाइन कंपनी में वाइपर के पद पर काम कर रहा था। 23 सितंबर को एमबी केव दाओ नामक वाणिज्यिक जहाज से भारत लौटते समय ओमान के पूर्वी तट के पास मिसाइल हमला हो गया। जहाज पर सवार 28 लोग पानी में कूद गए। इस दौरान सूरज के सिर में गंभीर चोट लग गई और उसकी मौत हो गई। बाकी सभी सदस्य सुरक्षित बचा लिए गए।
सूरज के चाचा अवधेश यादव ने बताया कि शव रविवार की दोपहर गोरखपुर पहुंचेगा। वहां से एंबुलेंस से गांव लाया जाएगा। अंतिम संस्कार गोरखपुर-देवरिया मार्ग स्थित मझना नाला के किनारे किया जाएगा। बेटे के शव के इंतजार में पिता ओमप्रकाश समेत पूरा परिवार गम में डूबा है। मां पुष्पा देवी, भाई सन्नी, समीर और साहिल का रो-रोकर बुरा हाल है।