देवरिया। महर्षि देवरहा मेडिकल काॅलेज के डायलिसिस सेंटर में बृहस्पतिवार को केक काटकर विश्व किडनी दिवस दिवस मनाया गया। इस अवसर पर किडनी की बीमारी को लेकर जागरूक किया गया। मरीजों को किडनी इंफेक्शन से बचाव तथा अच्छे खानपान के बारे में जानकारी दी गई। इस बार का थीम प्रारंभिक निदान करें, किडनी स्वास्थ्य की रक्षा करें है। यह थीम किडनी रोगों की रोकथाम और उनके प्रबंधन में प्रारंभिक निदान और हस्तक्षेप के महत्व को उजागर करता है।
डायलिसिस सेंटर के नोडल डाॅ. विजय गुप्ता और मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डॉ. सराजुद्दीन अंसारी ने कहा कि किडनी शरीर का महत्वपूर्ण अंग होता है। कहा कि किडनी की बीमारी बढ़ी है, लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने बीमारी से बचाव के बारे में मरीजों और उनके तीमारदारों को बताया। कहा कि ब्लड प्रेशर और शुगर की समय-समय पर जांच कराना चाहिए। नियमित व्यायाम करना चाहिए। फास्ट फूड के सेवन पर जरूरी है। दर्द की दवाओं का अधिक सेवन नुकसानदेय होता है। इसे जरूरत पड़ने पर डॉक्टर के परामर्श पर ही लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि किडनी को स्वस्थ रखने के लिए रोजाना चार से पांच लीटर पानी पीएं। उन्होंने सेंटर के स्टाफ नर्स सहित अन्य कर्मचारियों को मरीजों व उनके साथ आने वाले लोगों को जागरूक करने की बात कही। इस दौरान डॉ. संजय भट्ट, डॉ. जफर अनीस, रीजनल मैनेजर कृष्णानंद पांडेय, डीएमओ डॉ. हिमांशु सिंह, प्रियंका, दुर्गेश, रीतेश, दीपिका, अखिलेश, अमित, सुधीर, सुजीत, अरुण सिंह आदि मौजूद रहे।
स्वस्थ जीवन शैली करेगी किडनी की बीमारी से बचाव : डॉ. अजीत
देवरिया। आरोग्य भारती के तत्वावधान में सदर विकास खंड के ग्राम सिंगही स्थित संगठन के कैंप कार्यालय पर विश्व किडनी दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें किडनी बीमारी और इस गंभीर बीमारी बचने के लिए लोगों को जागरूक किया गया। संगठन के प्रांतीय उपाध्यक्ष व भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष डॉ. अजीत नारायण मिश्र ने कहा कि अनियमित दिनचर्या और अंधाधुंध दर्द निवारक दवा के सेवन तथा अत्यधिक मदिरापान करना और उच्च रक्तचाप और मधुमेह का अनियंत्रित होना किडनी रोगों को दावत देता है। इस दौरान डॉ. अनिल कुमार मणि, डॉ. जनार्दन मणि, डॉ. रामप्रवेश मणि आदि मौजूद रहे।