बरहज के आरती घाट स्थित पटेल नगर में सिलिंडर से लगी आग के कारण जली रिहायशी झोपड़ी और सामान संव
श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के पड़री गांव का है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी/प्रतापपुर। टिन शेड में आग लगने से उसमें सो रही जुड़वा बहनों में से एक तीन साल की मासूम झुलस गई। सोमवार को हुई घटना के बाद मासूम को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को उसकी मौत हो गई। आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया है। वहीं, आग लगने से चार झोपड़ियों में रखा सामान जलकर राख हो गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर जाकर आग से क्षति का आकलन किया।
जानकारी के अनुसार, श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के पड़री बाजार गांव में देवानंद कुशवाहा का परिवार रहता है। उन्होंने अपने टिन शेड के घर के पास खाना बनाने के लिए झोपड़ी बना रखी थी। इसमें घर का सामान भी रख रखा था। सोमवार को इसी झोपड़ी में अचानक आग लग गई। आग भड़क कर टिन शेड तक पहुंच गई। देवानंद का परिवार टिन शेड में ही रहता है। आग लगने के बाद देवानंद की दो जुड़वा बच्चियों में से एक प्रीति परिजनों के साथ बाहर निकल गई, जबकि दूसरी तीन साल की प्रिया आग से घिर गई और गंभीर रूप से झुलस गई। प्रिया को गंभीर अवस्था में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां से उसे एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार की सुबह उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंचे एसडीएम हरिशंकर लाल, नायब तहसीलदार समेत अन्य अधिकारियों ने परिवार के लोगों को सांत्वना देने के साथ आर्थिक मदद दी। देवानंद की पांच संतानें हैं। तीन बेटे प्रिंस, आदित्य, अजीत हैं, जबकि दो जुड़वा बेटियां प्रिया व प्रीति हैं। देवानंद मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं।