नगर पुलिस चौकी के निकट रहने वाले रमाकांत पटेल के घर सोमवार को सन्नाटा पसरा हुआ था। परिवार के लोग जगह-जगह बेसुध पड़े हुए थे। दरवाजे पर बैठे लड़की के बड़े पापा जगदीश पटेल रविवार की भोर में आगरा एक्सप्रेस-वे स्थित कुबेरपुर मोड़ पर हुए सड़क हादसे में दूल्हे के छोटे भाई सहित पांच लोगों की मौत हो जाने से काफी द्रवित थे। वह आने-जाने वालों के सामने फफक कर रो पड़ रहे हैं।
रमाकांत पटेल के पांचवे नंबर की पुत्री प्रियंका की रविवार को ग्रेटर नोएडा से बारात आनी थी। जिसको लेकर घर में जोर-शोर से तैयारी चल रही थी। रविवार सुबह घर की महिलाएं पितरों को निमंत्रण के रस्म की तैयारी कर रही थीं।
भोर में फोन पर अचानक सड़क हादसे की सूचना मिलते ही, खुशी की जगह गम का माहौल हो गया। सोमवार को लड़की के पिता रमाकांत अपने दामाद सुर्दशन के साथ नोएडा के लिए चल दिए। वहीं प्रियंका रास्ते में घटना हो जाने और घर तक बारात नहीं पहुंचने पर अपनी किस्मत का रोना रो रही है। शादी में शामिल होने आए नात-रिश्तेदार भी आहत हैं।
बारात नहीं आने पर हुआ काफी नुकसान, खराब हो रहे खाने-पीने के सामान
बरहज। नगर पुलिस चौकी के निकट रहने वाले रमाकांत पटेल के घर सन्नाटा पसरा हुआ है। हादसे में पांच बरातियों की मौत के कारण शादी टल जाने से लड़की पक्ष का काफी नुकसान हुआ है। बरातियों और सगे-संबंधियों के स्वागत के लिए मंगाए गए खाने-पीने के सामान खराब हो रहे हैं।
घटना ने सभी को झकझोर दिया है। जहां एक ओर दूल्हा पक्ष से लड़के के भाई सहित अन्य की जान गई है। वहीं सामानों की बुकिंग आदि के कारण घरातियों को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना की जानकारी न होने के कारण शाम को जो लोग निमंत्रण पर मैरेज हाल पहुंचे तो वहां रौनक की जगह अंधेरा देख किसी अनहोनी की आशंका में तत्काल रमाकांत के घर पहुंचे, जहां हालात से वाकिफ होने पर सिहर उठे।