कंपोजिट विद्यालय धरहरा में शनिवार को प्रार्थना सभा के दौरान जय हिंद बोलने को लेकर शिक्षकों के बीच जूतम पैजार हो गई। इस दौरान अफरातफरी के बीच छात्र-छात्राएं स्कूल से भागने लगे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर कुछ शिक्षक भाग गए। पुलिस ने मौके से चार शिक्षकों को पूरे दिन हिरासत में रखने के बाद शाम को छोड़ दिया। उधर, बीईओ की रिपोर्ट पर बीएसए ने चार सहायक शिक्षकों को निलंबित कर कर दूसरे स्कूल से संबद्ध कर दिया है। प्रधानाध्यापक और एक सहायक शिक्षक को कड़ी चेतावनी दी गई है।
शनिवार की सुबह लार थाना क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय धरहरा में प्रार्थना सभा चल रही थी। इस दौरान जय हिंद बोलने को लेकर दो शिक्षक आपस में भिड़ गए। इसके बाद वहां मौजूद शिक्षकों में दो गुट हो गया और लात-मुक्के चलने लगे। यह देखकर बच्चों में भगदड़ मच गई। भागते हुए बच्चे विद्यालय परिसर से बाहर निकले तो शोर सुनकर लोग स्कूल के तरफ दौड़ पड़े। शिक्षकों के बीच मारपीट होते देखकर कुछ लोग बीचबचाव करने पहुंच गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर मारपीट कर रहे कुछ शिक्षक भाग गए। पुलिस शिक्षक अरूण कुमार सिंह, धर्मेंद्र कुमार वर्मा, अनय कुमार, संजय कुमार शिक्षकों को हिरासत में लेकर थाने चली गई। उधर, मौके पर पहुंचे बीईओ निर्भय नारायण सिंह ने प्रभारी प्रधानाध्यापक रामविलास व सहायक अध्यापक तथा छात्रों का बयान दर्ज किया। गांव के प्रधान प्रभु साहनी ने बताया कि गुरुजनों के बीच मारपीट की घटना सुनकर लोगों की भीड़ जुट गई थी। पुलिस के आने के बाद मामला शांत हुआ। कुछ दिनों से शिक्षक किसी न किसी बात को लेकर उलझा करते हैं। मारपीट होने के चलते शनिवार को विद्यालय में पढ़ाई नहीं हुई।