रुद्रपुर। हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे दो परीक्षार्थियों समेत तीन लोग बुधवार की सुबह सड़क हादसे में घायल हो गए। हादसा रुद्रपुर-नरायनपुर मार्ग पर भगवानपुर गांव के समीप हुआ। तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों का उपचार मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चल रहा है।
अहलादपुर मरकड़ी गांव के दुर्गविजय गौड़ (16 वर्ष) पुत्र प्रमोद गौड़ और दीपक गौड़ (15 वर्ष) पुत्र रमाशंकर दुग्धेश्वरनाथ इंटर कॉलेज में हाईस्कूल के छात्र हैं। परीक्षा का सेंटर जनता इंटर कॉलेज पिपरा कछार गया है। बुधवार की सुबह दोनों छात्रों को बाइक से छोड़ने दुर्गविजय का बड़ा भाई विशाल गौड़ (26 वर्ष) जनता इंटर कॉलेज पिपरा कछार जा रहा था। नरायनपुर की तरफ से आ रही पिकअप से बाइक सवारों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था। तीनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में तीनों का इलाज चल रहा है। बाइक सवारों के सिर में गंभीर चोट लगी है।
-
हादसे में ग्राम पंचायत अधिकारी समेत दो घायल
लार। रामनगर गांव के पास बुधवार को बाइक और स्कूटी की टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार ग्राम पंचायत अधिकारी सहित तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद ग्राम पंचायत अधिकारी व एक युवती को सीएचसी लाया गया। हादसे के बाद बाइक सवार पर तीन युवक बाइक छोड़कर भाग निकले।
लार थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी अल्पना सिंह लार ब्लॉक में ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उनकी तैनाती महुजा न्याय पंचायत में है। बुधवार को गांव की रिद्धि साहनी को लेकर वह स्कूटी से महुजा जा रही थीं। अभी वह लार-चनुकी मार्ग पर ईंट-भट्ठा के सामने पहुंची थीं कि चनुकी की तरफ से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। इस दौरान स्कूटी पर सवार अल्पना और रिद्धि घायल हो गईं। इस दौरान बाइक सवार तीन युवक भी सड़क पर गिर पड़े, इसमें एक को हल्की चोट भी आई। इसके बाद तीनों युवक अपनी बाइक छोड़कर मौके से भाग गए। घटनास्थल से कुछ दूरी पर अपनी दुकान पर बैठे पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामप्रकाश यादव मौके पर पहुंच कर दोनों घायलों को लार अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के डॉक्टरों ने ग्राम पंचायत अधिकारी अल्पना सिंह की प्राथमिक इलाज करके उनको जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस बाइक और स्कूटी को अपने कब्जे में ली है।