देवरिया। शहर के गरुलपार निवासी मदनलाल मणि त्रिपाठी ने कुशीनगर जिले के कसया में फोरलेन के किनारे जमीन दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये लेने और बाद में बैनामा नहीं करने का आरोप लगाते हुए आरोप पर रविवार को प्राथमिकी दर्ज कराई है।
आरोप है कि 20 डिसमिल जमीन का सौदा 10 लाख रुपये प्रति डिसमिल की दर से तय हुआ था। शिकायकर्ता का आरोप है कि उसने दो अलग-अलग तारीखों में दो लाख रुपये बैंक खाते में और छह बार में तीन लाख रुपये नकद दिए हैं।
आरोप है कि रकम लेने के बाद न तो जमीन का बैनामा किया गया और न तय शर्तों के मुताबिक चहारदीवारी कराई गई। रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पीड़ित ने तहरीर में कहा है कि उसके रिश्तेदार गोलू तिवारी निवासी अमेठी तिवारी, थाना रामपुर कारखाना उसके घर आए थे। बातचीत के दौरान गोलू ने कहा कि यदि कसया में फोरलेन के किनारे जमीन खरीदनी हो तो वह जमीन दिलवा सकता है।
उनके तैयार होने पर गोलू ने अपने परिचित दिवाकर कुमार द्विवेदी निवासी परासखाड़, थाना कसया, जिला कुशीनगर और त्रिपुरारी पांडेय निवासी कुशीनगर डिग्री कॉलेज के पीछे, थाना कसया, जिला कुशीनगर से संपर्क कराया।
तहरीर के मुताबिक तीनों लोग उसके घर आए और जमीन के कागजात दिखाए।
इसके बाद उसे मौके पर ले जाकर जमीन भी दिखाई गई। जमीन पर जयसिंह निवासी विशुनपुर ममरखी, थाना कसया, जिला कुशीनगर और टीपू सुल्तान निवासी शिवपुर बुजुर्ग, थाना कसया, जिला कुशीनगर मिले। दोनों ने जमीन के संबंध में जानकारी देते हुए बैनामा कराने की बात कही।
आरोप है कि संबंधित लोगों ने चहारदीवारी कराने और जमीन का बैनामा करने का भरोसा दिया था मगर ऐसा नहीं किया। बाद में रुपये मांगने पर धमकी दी जा रही है।
मदनलाल ने कहा है कि रुपये के लेनदेन से संबंधित 100 रुपये के स्टांप पर त्रिपुरारी पांडेय, दिवाकर दुबे और जयसिंह के हस्ताक्षर हैं।
सात अगस्त 2026 को दी गई शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस से आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सदर कोतवाल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।