सलेमपुर। सलेमपुर-देवरिया मार्ग पर ई-रिक्शा और बाइक की टक्कर हो गई। जिसमें बाइक सवार दो लोग व ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के ठेंगवल तिवारी गांव निवासी मनीष (26 वर्ष) पुत्र नारायण खरवार व उरदौली गांव निवासी सोनू (24) पुत्र सुनील विश्वकर्मा किसी काम से बुधवार की दोपहर बाइक से सलेमपुर जा रहे थे। अभी दोनों सलेमपुर-नवलपुर मार्ग पर पहुंचे थे कि सामने से आ रही ई रिक्शा में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बुलेट और ई-रिक्शा सड़क किनारे पलट गया और उस पर सवार मनीष और सोनू व ई-रिक्शा चालक बिहार प्रांत के पूर्णिया जनपद, मोंगा थाना क्षेत्र के रहने वाले धर्मेंद्र (28 वर्ष) पुत्र स्व. योगेंद्र रिद्धी गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। कोतवाल दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि सड़क हादसे की जानकारी मिली है, लेकिन कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है। पता चला है कि घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।