लार में लगा जाम, तीन घंटे तक फंसे रहे राहगीर
लार। मंगलवार को नगर के चनुकी मोड़ से लेकर लक्खु मोड़ तक तीन घंटे तक भीषण जाम लगा रहा। जाम में फंसे राहगीर पसीने से तर-बतर रहे। वहीं ट्रैफिक को कंट्रोल करने के लिए बाजार के मुख्य मोड़ पर लगाए गए होमगार्ड ड्यूटी से गायब रहे। करीब तीन घंटे से अधिक समय तक राहगीर जाम में फंसे रहे। जाम में फंसे राहगीरों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग भी तार-तार हुई। सूचना के बाद भी कोई पुलिस कर्मी जाम हटवाने का प्रयास नहीं किया। राहगीरों ने पुलिस पर मनमानी का आरोप लगाया है।
लार नगर में मंगलवार को लक्खु मोड़ से लेकर चनुकी मोड़ तक वाहनों की लंबी कतारें लग गई। वहीं पिपरा चौराहा से लेकर बीच बाजार के मेन तिराहे तक दोपहिया वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। बाजार के दोनों तरफ दुकानदार फुटपाथ तक अतिक्रमण कर चुके हैं। इससे सड़क दोनों तरफ से संकरी हो गई है। मंगलवार को नगर में चनुकी मोड़ से लेकर लक्खु मोड़ तक जाम लगा रहा। कड़ी धूप में राहगीर करीब तीन घंटे तक जाम में फंस कर रेंगते रहे। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग भी तार-तार रही। वहीं ट्रैफिक कंट्रोल के लिए बाजार के मुख्य तिराहे पर लगाए गए होमगार्ड ड्यूटी से गायब रहे। जाम में फंसे राहगीरों के सूचना के बाद भी कोई पुलिस कर्मी जाम को ख़त्म कराने की कोशिश नहीं की। जाम में फंसे लोगों ने बताया कि अक्सर मुख्य बाजार, सराफा रोड, युसूफ रोड, मठ रोड में जाम लगा रहता है। लोगों को अपने दफ्तर, ऑफिस जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि जल्द ही फुटपाथ से अतिक्रमण हटा आवागमन को दुरुस्त करा दिया जाएगा। साथ ही अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।