तरकुलवा। छोटा कौलाचक गांव में बुधवार की शाम निर्माणाधीन निजी विद्यालय की छत पर खेल रहे भाई-बहन समेत तीन बच्चे हाईटेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। मजदूरों ने बांस की मदद से बच्चों को तार से अलग किया। तीनों को सीएचसी तरकुलवा में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
ग्राम पंचायत कौलाचक के टोला छोटा कौलाचक निवासी राम कुमार सिंह की बेटी नंदिनी (15) कक्षा दस की छात्रा है। शाम करीब चार बजे वह अपने भाई सूर्यदेव (12) और चचेरे भाई सत्यम (8) के साथ गांव के बाहर बन रहे निजी विद्यालय की छत पर खेल रही थी।
सूर्यदेव कक्षा चार और सत्यम कक्षा दो में पढ़ता है। इसी दौरान विद्यालय भवन से करीब दो फुट की दूरी से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में तीनों आ गए। करंट के प्रभाव से बच्चे गंभीर रूप झुलस गए।
हादसे के समय भवन में काम कर रहे मजदूरों ने बांस की मदद से तीनों को तार से अलग किया। सूचना पर पूर्व मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचे और झुलसे बच्चों का हाल जाना।
उन्होंने चिकित्सकों को समुचित इलाज करने के निर्देश दिए और परिजन को ढांढ़स बंधाया। बिजली निमग के जेई लवलेश सिंह ने बताया कि उन्हें हादसे की जानकारी नहीं है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।