कुशीनगर। शहर से लेकर चौक चौराहों तक बाइक चोरी की घटनाएं बढ़ गई थी। थानों पर प्राथमिकी दर्ज नहीं होने से एसपी तक अधिकांश बाइक चोरी की शिकायतें पहुंचने लगी। पडरौना कोतवाली और स्वाट टीम चोरी की बाइक के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 11 चोरी की बाइक बरामद किया है। चोरी की बाइक बिहार में आरोपी बेचते थे, तीनों शातिर चोर हैं।
पडरौना सीओ डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि गोरखपुर और कुशीनगर जिले के पडरौना के अलावा चौक चौराहों से गिरोह के सदस्य बाइक चोरी करते थे, मारकंडेय चौराहा के पास बंधे के नीचे झाड़ियों में चोरी की बाइक आरोपी छिपा देते थे, कई बाइक होने पर बिहार में ले जाकर बेचते थे। ताबड़तोड़ बाइक चोरी की घटना के बाद पुलिस ने जहां से बाइकें चोरी हुई हैं उस स्थान के आस-पास लगे सीसी टीवी कैमरे का फुटेज की जांच किया, इसके माध्यम से आरोपियों की पहचान कर पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान शमशाद अंसारी उर्फ खरहा निवासी उर्दहा नंबर दो थाना रामकोला, अशोक पासवान निवासी बलुआ रेता थाना नदी जिला पश्चिमी चंपारण बिहार, अनिल यादव निवासी मदरहवा मूजा टोला थाना नदी जिला पश्चिमी चंपारण के रूप में किया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इनका एक सगंठित गिरोह है और वल लोग कुशीनगर के थाना कसया, कोतवाली पड़रौना, थाना विशुनपुरा और गोरखपुर समेत अन्य जिलों के भीड़-भाड़ वाले स्थानों जैसे मॉल, बैंक, सब्जी मंडी से बाइकों को चोरी करते हैं। चोरी की गई बाइकों को मारकंडेय चौराहा, बंधा से पूरब की ओर बंधे के नीचे झाड़ियों में छिपा देते हैं, जहां गिरोह का एक साथी इनकी निगरानी करता है। इसके बाद बाइकों को बिहार में ले जाकर बेचते थे। आरोपी शमशाद अंसारी पर गोरखपुर, देवरिया और कुशीनगर के अलग-अलग थानों पर 12 और अशोक पासवान पर तीन प्राथमिकी दर्ज है।