कसया। थाना क्षेत्र के गांव मिश्रौली नरकटिया में फब्तियां कसने को लेकर रविवार को दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। इसमें दोनों पक्षों से करीब 10 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले को शांत कराते हुए घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजकर जांच पड़ताल में जुट गई। मारपीट को लेकर गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
नरकटिया खुर्द निवासी राजकुमार यादव (16) अपने दो दोस्तों के साथ शनिवार की देर रात मिश्रौली में निमंत्रण में गए थे। जहां भोजन करने के बाद वापस लौटते हुए मिश्रौली गांव के एक समुदाय के कुछ लड़कों ने उनपर फब्तियां कसने लगे। जिसको लेकर मौके पर दोनों समुदायों के लड़कों में हाथापाई हुई। मौके पर जुटे लोगों ने दोनों समुदायों के लड़कों को मौके से समझा बुझाकर वहां से भगा दिया। इसी बात से खार खाए मिश्रौली गांव के एक समुदाय के 20 से 25 लोग बाइक से रविवार की सुबह करीब 10 बजे नरकटिया खुर्द पहुंचे और शर्मा नंद गौड़ के घर में पहुंच घुस गए और कहा सुनी करते हुए मारपीट करने लगे। जिसको लेकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। गांव के लोगों ने अचानक मारपीट को कुछ समझ पाते कि कई लोग लहूलुहान हो गए। घटना को देखते हुए किसी ने स्थानीय पुलिस को सूचना दिया मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए भेजकर जांच पड़ताल में जुट गई। मामला दो समुदायों के बीच होने को लेकर मौके पर पुलिस की तैनाती कर दी गई है।
मारपीट के दौरान जिसमें एक पक्ष से शर्मा नंद गौड़ (65), चांदनी देवी (40), सुमीत कुमार गौड़ (24), राजकुमार यादव (16), सोहन यादव (20), राकेश कुमार (38), जिलेवा देवी (52) गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से महबूब आलम (36), छोटू अंसारी (30) और अयूब (25) को भी चोटें आई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को कसया सीएचसी भेजवाया। जहां सबका इलाज चल रहा है।
इस संबंध में कसया एसओ अभिनव मिश्रा ने बताया कि दो समुदायों में मारपीट की सूचना मिली है। घायलों का इलाज करवाया जा रहा है अभी किसी पक्ष से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुआ है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई किया जाएगा।