रामपुर बुजुर्ग। श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के बलिवन खास गांव में रविवार को सामने आए धर्म परिवर्तन के मामले में पुलिस ने तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर तीनोंं को गिरफ्तार कर लिया। शिकायत गांव निवासी श्यामजी गुप्ता ने पुलिस को दी थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि गांव का रामकुंवर अपने साथी पश्चिमी चंपारण जिले के बैरिया, बेतिया निवासी अनिल गोड़ और सुरेश कुमार के साथ पिछले एक वर्ष से प्रत्येक रविवार को अपने घर पर लोगों को जुटाता था। आरोप है कि यहां अंधविश्वास फैलाने के साथ लालच और प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराया जाता था। शिकायतकर्ता के अनुसार इस गतिविधि से आसपास के लोगों में नाराजगी थी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर रामकुंवर, अनिल गोड़ और सुरेश कुमार के खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।सीओ भाटपार रानी मनोज कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।