युवती की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन को जेल
देवरिया। तरकुलवा थाना क्षेत्र के शाहपुर पुरैनी में रविवार को हुए विवाद में चाकू से हमला कर युवती की हत्या किए जाने के मामले में मुख्य आरोपित सहित तीन लोगों को जेल भेज दिया गया। घटना के बाद से ही पूरे गांव का माहौल गमगीन है। लोगों को अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि जमीन के कुछ हिस्से के लिए एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष वालों पर इस कदर हमला बोल दिया कि एक युवती को इसमें अपनी जान गंवानी पड़ी।
तरकुलवा के शाहपुर पुरैनी में विक्रम गोंड व रामभरोसा गुप्ता के बीच खेत के मेढ़ के लिए विवाद चल रहा है। बीते शनिवार को इसी बात को लेकर दोनो पक्षों में विवाद हुआ था। रविवार की सुबह इसी बात को लेकर पूर्व प्रधान रामायन यादव की देखरेख में पंचायत हो रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों में फिर विवाद हो गया। आरोप है कि रामभरोसा के परिजनों ने दूसरे पक्ष पर्र इंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। इसके बाद विक्रम पर चाकू से हमला कर दिया। उन्हें बचाने गई उनकी सबसे छोटी पुत्री काजल (18) पहुंची तो उसके भी पेट और सीने पर हमलावरों ने चाकू से कई वार कर दिए। ग्रामीणों की मदद से काजल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक की ओर से रेफर किए जाने के बाद मेडिकल कॉलेज ले जाने की तैयारी के दौरान ही काजल की मौत हो गई। रविवार की शाम को ही पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव मिला। शाम को गोरयाघाट में ही दाह संस्कार किया गया। उधर, रविवार को ही काजल के चचेरी बहन की शादी थी। ऐसे में शादी की पूरी रौनक ही गांव से गायब रही। लड़की की शादी का मामला होने पर बड़े बुजुर्गों की सलाह पर बरात तो आई जरूर, लेकिन इसमें नाच, बाजा या आर्केस्ट्रा जैसा कुछ नहीं रहा। किसी तरह शादी के रस्म पूरा कर लड़की की विदाई कर दी गई।
परिजनों ने की एससी-एसटी की धारा बढ़ाने की मांग
तरकुलवा के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि शाहपुर पुरैनी में हुई घटना के मामले में मुख्य आरोपित रामभरोसा गुप्ता, उसकी पत्नी रीता गुप्ता व पिता शिवअवतार के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सोमवार को तीनों को जेल भेज दिया गया। उधर, परिजनों ने इस मामले में पुलिस से एससी-एसटी उत्पीड़न का मामला भी दर्ज किए जाने की मांग की है।