अज्ञात वाहन की ठोकर से महिला की मौत, पति की हालत गंभीर
गौरी बाजार (देवरिया)। गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर भटौली बुजुर्ग खरोह चौराहे के निकट अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक से गिरकर महिला की मौत हो गई। हादसे में पति को भी गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हेलमेट पहनने की वजह से पति की जान बच गई।
गोरखपुर के सहजनवां थाना अंतर्गत ग्राम भेलउर दहरौली गांव निवासी 45 वर्षीय किरण पत्नी रामदरस पाल गत शुक्रवार को गौरी बाजार थाना क्षेत्र के हरपुर के टोला नेटुअहिया में अपने मामा के बेटे उमेश पाल के घर विवाह समारोह में गई थीं। उमेश की बहन की शादी थी। शादी समारोह एवं लड़की की विदाई के बाद वह सोमवार की दोपहर में पति संग बाइक से अपने घर सहजनवां जा रही थीं। दोपहर करीब दो बजे जैसे ही वह गोरखपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर भटौली बुजुर्ग खरोह चौराहे के निकट पहुंचे, देवरिया की ओर से तेज रफ्तार आ रहे अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक में ठोकर मार दी। जिससे पति-पत्नी बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद वाहन चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला चिकित्सालय भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने किरण को मृत घोषित कर दिया, वहीं उनके पति रामदरस पाल का उपचार जिला चिकित्सालय में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी भी हालत गंभीर है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गिरिजेश तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना में शामिल वाहन की तलाश की जा रही है।