फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: ''ये चमक ये दमक ...सब कुछ सरकार तुम्हीं से है''

Thu, 19 Feb 2026 12:05 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
विज्ञापन
भटनी। क्षेत्र के बनकटा शिव-सल्लहपुर गांव में आयोजित श्रीलक्ष्मीनारायण महायज्ञ एवं विग्रह प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में बुधवार की शाम भक्ति और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला। मध्य प्रदेश के इंदौर से पहुंचे प्रसिद्ध भजन गायक सुधीर व्यास ने अपनी सुमधुर प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा। भजन संध्या में उमड़ी भीड़ और भक्तों की आस्था से पूरा पंडाल देर रात तक गुंजायमान रहा।
विज्ञापन

कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसके बाद सुधीर व्यास ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए। जैसे ही उन्होंने अपना लोकप्रिय भजन ''ये चमक ये दमक फुलवन मा महेक, सब कुछ सरकार तुम्हीं से है'' गाया, पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते और प्रभु के जयकारे लगाते नजर आए। इसके अलावा ''एक अरज मेरी सुन लो सरकार'', ''राम रस बरसे'', ''मां अंजनी का लाल'' और ''श्रीराम जी हमारे सब काम कर रहे हैं'' जैसे भजनों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। भजन संध्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग सभी भक्ति में लीन दिखे। देर रात तक चलने वाले इस कार्यक्रम ने महायज्ञ की गरिमा को और बढ़ा दिया। इससे पूर्व दिन में कथा व्यास लक्ष्मी प्रिया ने श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराया। उन्होंने कहा कि भक्ति, सेवा और सत्संग ही जीवन को सार्थक बनाते हैं। ईश्वर के नाम स्मरण से मनुष्य के जीवन के कष्ट दूर होते हैं और आत्मिक शांति मिलती है। कथा सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
वहीं यज्ञाचार्य पंडित रंगनाथ तिवारी के नेतृत्व में आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन और यज्ञ विधान संपन्न कराया। दिनभर श्रद्धालु यज्ञ मंडप की परिक्रमा करते रहे, जिससे पूरा परिसर आस्था से सराबोर रहा। कार्यक्रम के अंत में आयोजक प्रभात कुमार राय ने अतिथियों, संतों और दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन जनसहयोग और श्रद्धालुओं की आस्था से सफल हो रहा है। अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें